B.sc 2 Year Microbiology
Paper 1 Microbial Physiology and Metabolism
Unit 1 Biomolecules/जैव अणु
जैसा कि हम सब जानते हैं, जीवों का शरीर कोशिकाओं से मिल कर बना है। कोशिका शरीर की सबसे छोटी संरचनात्मक तथा कार्यात्मक इकाई है, इन कोशिकाओं में पाए जाने वाले समस्त रासायनिक अणु जैव अणु या जैविक अणु कहलाते हैं। यह जीवन के आधार स्तम्भ है तथा जीवों में कई महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। ये आकार व आकृति में भिन्न भिन्न होते है अतः इनके कार्यों में भी भिन्नता होती है। कई जैव अणु पॉलीमर होते है अर्थात् ये कई छोटे छोटे अणुओं से मिलकर बने होते है। कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, लिपिड तथा न्यूक्लिक एसिड मुख्य जैव अणुओं में आते हैं।
जैव अणु मुख्यतः दो प्रकार के होते है - माइक्रोमॉलिक्यूल तथा मैक्रोमॉलिक्यूल |
- माइक्रोमॉलिक्यूल - इनकी संरचना सरल होती है तथा अणुभार निम्न ( 20 - 800 डॉल्टन ) होता है | इस प्रकार के अणु जल तथा अम्लीय माध्यम में घुलनशील होते है | अमीनो एसिड, मिनरल तथा साधारण शुगर इस श्रेणी के अंतर्गत आते है |
- मैक्रोमॉलिक्यूल - यह संरचना में बड़े होते है तथा इनका अणुभार उच्च ( 1000 डॉल्टन से अधीक ) होता है | यह माइक्रोमॉलिक्यूल्स के बहुलीकरण से बनते है | इनमे कार्बोहाइड्रेट, लिपिड, प्रोटीन व न्यूक्लिक एसिड शामिल है |
मुख्य जैव अणुओं को नीचे संक्षिप्त में समझाया गया है -
कार्बोहाइड्रेट
कार्बोहाइड्रेट कार्बन (C), हाइड्रोजन (H) तथा ऑक्सीजन (O) से मिलकर बने होते है | यह बहुत महत्पूर्ण जैव अणु है तथा हमारे शरीर को ATP ( एडिनोसिन ट्राइ फॉस्फेट ) के रूप में केमिकल एनर्जी प्रदान करता है | कार्बोहाइड्रेट में उपस्थित सैकेराइड यूनिट की संख्या के आधार पर यह मोनोसैकेराइड, डाईसैकेराइड, ओलिगोसैकेराइड तथा पॉलीसैकेराइड में वर्गीकृत होते है |
प्रोटीन
यह अमीनो एसिड्स से मिलकर बने जैव अणु है | अमीनो एसिड्स एक दूसरे से पेप्टाइड बंध द्वारा जुड़े रहते है | प्रोटीन कोशिकाओं तथा शरीर के अन्य भागों के निर्माण में महत्वपूर्ण एक घटक है अतः इन्हे शरीर के आधार स्तम्भ के रूप में भी जाना जाता है | एंटीबाडी, एंजाइम एवं हॉर्मोन्स का अधिकांश भाग भी प्रोटीन से बना होता है |
लिपिड
यह चिकने होते है तथा जल में अघुलनशील होते है | फैट, फॉस्फोलिपिड, स्टेरॉइड व वेक्सेस इसके अंतर्गत आते है| लिपिड्स कोशिका झिल्ली ( सेल मेम्ब्रेन ) को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है | यह एनर्जी को स्टोर करके रखते है |
न्यूक्लिक एसिड
न्यूक्लिक एसिड ( DNA तथा RNA ) आनुवंशिक जानकारी को रखते है तथा एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में पहुंचते है | यह जीवों की प्रत्येक कोशिका में पाया जाता है | अधिकांश जीवो में न्यूक्लिक एसिड DNA के रूप में होता है परन्तु कुछ वायरसो में यह RNA के रूप में पाया जाता है |
जैव अणुओं के कार्य -
- जैव अणु जीवों को जीवित रहने तथा वृद्धि करने के लिए सभी आवश्यक तत्व उपलब्ध करवाते है |
- यह जीवों में ऊर्जा के संगृहीत स्त्रोत के रूप में भी उपयोग लिए जाते है |
- विभिन्न जैव अणु शरीर के निर्माण में आधार स्तम्भ का कार्य करते है |
- यह शरीर में विभिन्न रासायनिक प्रकियाओं को नियंत्रित करते है |
- कार्बोहाइड्रेट छोटे अणुओं में टुटकर ग्लुकोज़ के रूप में शरीर को ऊर्जा प्रदान करते है |